जानें कौन हैं मुकेश अग्निहोत्री, अब हिमाचल के डिप्टी CM की कमान संभालेंगे

Know who is Mukesh Agnihotri, will now take charge of the Deputy CM of Himachal

कांग्रेस ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री (Deputy CM Mukesh Agnihotri) बनाया है। कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने यह जानकारी दी है। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने बताया कि रविवार को शपथग्रहण समारोह आयोजित होगा। आलाकमान के फैसले पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमारी सरकार सूबे में बदलाव लाएगी। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। आइए इस रिपोर्ट में जानें कौन हैं मुकेश अग्निहोत्री जिन्हें आलाकमान ने सौंपी है सूबे के डिप्ट सीएम पद की जिम्मेदारी। 

अग्निहोत्री ब्राह्मण चेहरा तो सुक्खू प्रभावशाली ठाकुर समुदाय से हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस ने दोनों को सूबे की कमान देकर ब्राह्मण और ठाकुर दोनों समुदाय को साधने की कोशिशें की है। मुकेश अग्निहोत्री हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का बड़ा चेहरा रहे हैं। उन्होंने हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली हरोली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार राम कुमार को बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) इसी सीट से विधायक थे।

मुकेश अग्निहोत्री हारोली विधानसभा सीट से 2003, 2007, 2012 और 2017 में चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने 2012 से 2017 के दौरान कांग्रेस की सरकार में उद्योग मंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्हें 2018 में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया था। 

उप मुख्यमंत्री बनने जा रहे मुकेश अग्निहोत्री हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। वह ऊना जिला से ताल्लुक रखते हैं। मुकेश अग्निहोत्री हिमाचल की राजनीति में एक प्रमुख ब्राह्मण चेहरा हैं।  वह पिछले पांच साल हिमाचल प्रदेश विधानसभा में निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष रहे हैं। 

मुकेश अग्निहोत्री ऊना जिले की हरोली विधानसभा सीट से वह लगातार पांचवीं बार विधायक बने हैं। अग्निहोत्री पूर्व वीरभद्र सिंह की सरकार में उद्योग मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वो संसदीय कार्य, सूचना एवं जनसंपर्क और श्रम एवं रोजगार विभाग की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। 

पंजाब में हुआ जन्म

मुकेश अग्निहोत्री का जन्म पंजाब के संगरूर में 9 अक्टूबर 1962 को ओंकार चंद शर्मा के घर हुआ।  उनकी प्रारंभिक शिक्षा ऊना जिले में ही हुई। इसके बाद उन्होंने मैथ्स में एमएससी की डिग्री ली। बाद में उन्होंने पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा इन पब्लिक रिलेशन किया और पत्रकार बन गए। राजनीति में आने से पहले मुकेश अग्निहोत्री ने शिमला में 10 साल तक और दिल्ली में चार साल तक पत्रकारिता की। 

छह बार सीएम रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह लाये थे राजनीति में 


मुकेश अग्निहोत्री पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के करीबी रहे हैं। अग्निहोत्री को राजनीतिक विरासत परिवार से मिली है। उनके पिता ओंकार चंद शर्मा ने 1998 में ऊना जिला की संतोषगढ़ सीट से कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। 

अग्निहोत्री की राजनीतिक पैठ और समझ को देखते हुए वीरभद्र सिंह ने साल 2003 में उन्हें संतोषगढ़ से चुनाव लड़ने को कहा और वो वहां से चुनाव जीत गए। वर्ष 2007 के विधान सभा चुनावों में भी अग्निहोत्री वहां से दोबारा चुनाव जीतने में कामयाब रहे. 

साल 2008 में परिसीमन के बाद सन्तोषगढ़ हरोली विधानसभा सीट में तब्दील हो गया। मुकेश अग्निहोत्री तीसरी बार भी 2012 में यहां से चुनाव जातने में सफल रहे और वीरभद्र सिंह की सरकार में मंत्री बनाए गए। कांग्रेस ने अग्निहोत्री को साल 2018 में नेता प्रतिपक्ष बनाया था।

Share this story