बेंगलुरु में महिला ने कार से युवक को एक किमी तक घसीटा, टक्कर के बाद हुई थी बहस

बेंगलुरु में एक महिला कार चालक ने एक व्यक्ति को कार से घसीट दिया। बताया जाता है कि दोनों की कार की टक्कर हो गई थी, जिसके बाद दोनों में बहस हो गई थी। इसके बाद महिला ने अपनी कार स्टार्ट कर दी थी और युवक बोनट पर कुछ दूर तक घिसटता चला गया था। घटना शुक्रवार सुबह की बताई गई है और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बता दें कि हाल के दिनों में बेंगलुरु में स्कूटी सवार ने एक बुजुर्ग को करीब 100 मीटर तक घसीटा गया था।
स्टार्ट कर दी कार
जानकारी के मुताबिक घटना बेंगलुरु के जनाना भारती नगर एरिया में हुई है। पुलिस ने बताया कि महिला का नाम प्रियंका और पुरुष का नाम दर्शन है। दोनों ही कार पर सवार थे। दोनों की कार में टक्कर हो गई थी। टक्कर के बाद दर्शन और प्रियंका के बीच बहस होने लगी। इसके बाद दर्शन ने प्रियंका की कार को रुकवाने की कोशिश की। तभी प्रियंका ने कार स्टार्ट कर दी। इसके बाद बचाव का प्रयास करते हुए दर्शन उसकी कार के बोनट पर चढ़ गया। बताया जाता है कि तब भी प्रियंका ने कार नहीं रोकी और करीब एक किलोमीटर तक ऐसे ही कार चलती रही।
बेंगलुरू में दो कारों में टक्कर के बाद महिला ने कार के बोनेट पर एक आदमी को 1 किलोमीटर तक घसीटा। ये वही शख्स था जिससे महिला के कार की टक्कर हुई। जब शख्स ने महिला की कार रोकनी चाही तो उसने गाड़ी चला दी। #Bengaluru pic.twitter.com/lEDDV9ucMD
— Anubha Tripathi (@AnubhaTripathi_) January 20, 2023
महिला ने नहीं रोकी कार
वहीं ट्रैफिक वेस्ट के पुलिस डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि प्रियंका ने दर्शन की कार में टक्कर मार दी थी। जब उसने प्रियंका से कार रोकने के लिए कहा तो उसने अश्लील इशारा किया और वहां से भागने लगी। इस दौरान दर्शन ने कार को रुकवाने की कोशिश की। प्रियंका ने कार नहीं रोकी तो दर्शन खुद को बचाने के प्रयास में कूदकर बोनट पर बैठ गया। डीसीपी के मुताबिक करीब एक किलोमीटर के बाद प्रियंका ने कार रोकी तो दर्शन और उसके दोस्तों ने कार के पार्ट्स को तोड़ दिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।