U19W T20 World Cup 2023: इंग्लैंड को रौंदकर भारत ने जीता अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप, शेफाली ब्रिगेड ने रचा बड़ा इतिहास

U19W T20 World Cup 2023: India won the Under-19 Women's T20 World Cup by defeating England, Shefali Brigade created history

शेफाली वर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप जीत लिया है। भारत ने रविवार को फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से रौंदकर बड़ा इतिहास रच दिया। बता दें कि यह अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप का यह पहला संस्करण था, जिसका चैंपियन भारत बना। टूर्नामेंट का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में हुआ। खिताबी मुकाबला पोत्शेफस्ट्रूम के मैदान पर खेला गया। भारत को महज 69 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने 14 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली 11 गेंदों में 15 रन बनाकर हन्ना बेकर का शिकार बन गईं। उन्होंने तीसरे ओवर में एलेक्सा स्टोनहॉउस को कैच थमाया। ओपनर श्वेता सहरावत ने 6 गेंदों में 5 रन का योगदान दिया। उन्हें ग्रेस स्क्रिवेंस ने चौथे ओवर में पवेलियन भेजा। 20 के स्कोर पर दो विकेट गिरने के बाद सौम्या तिवारी और गोंगाडी तृषा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 44 रन की अहम साझेदारी की। तृषा 13वें ओवर में बोल्ड हुईं। उन्हें स्टोनहॉउस ने अपना जाल में फंसाया। उन्होंने 29 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 24 रन की पारी खेली। सौम्या 37 गेंदों में 3 चौकों के जरिए नाबाद 24 रन बनाए। उन्होंने विजयी रन बनाया। वहीं, हर्षिता बसु बिना कोई रन बनाए नाबाद लौटीं।

इससे पहले, भारतीय टीम की कातिलाना गेंददबाजी की वजह से  इंग्लैंड की पारी 17.1 ओवर में 68 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड की छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सकी। भारत के लिए तितास साधु, अर्चना देवी और पार्श्वी चोपड़ा ने दो-दो विकेट लिए जबकि मन्नत कश्यप, शेफाली वर्मा और सोनम यादव ने एक-एक शिकार किया। इंग्लैंड की एक खिलाड़ी रनआउट होकर पवेलियन लौटीं। 

टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआथ निराशाजनक रही। ओपनर लिबर्टी हीप (0) पहले ओवर में ही बोल्ड हो गईं। इसके बाद इंग्लैंड के विकेट गिराने का सिलसिला शुरू हो गया। नियाम हॉलैंड (10) और कप्तान ग्रेस स्क्रिवेंस (4) चौथे ओवर में पवेलियन लौटीं। सेरेन स्मेल (3) ने सातवें और चेरिस पावेली (2) ने 10वें ओवर में विकेट खोया। इंग्लैंड की खस्ता हालत का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 5 विकेट महज 39 के कुल स्कोर पर गिर गिए। रयान मैकडॉनाल्ड (19) ने पारी को संभालने का प्रयास किया लेकिन दूसरी छोर से साथ नहीं मिला। जोसी ग्रॉव्स (4), एलेक्सा स्टोनहॉउस (11) और सोफिया स्मेल (11) कुछ खास नहीं कर पाईं। हन्ना बेकर शून्य पर आउट हुईं।

IND 69/3 (14 ओवर)

ENG 68/10 (17.1 ओवर)

Share this story