फिर डाउन हुआ Twitter, यूजर्स को साइन इन करने में परेशानी, नहीं मिल रहे नोटिफिकेशन

नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर की सेवाओं में एक बार फिर बाधा आई है। गुरुवार सुबह ट्विटर को एक बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा। यूजर्स को इसके वेब और ऐप संस्करण में साइन इन करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बहुत से यूजर्स ने इसकी शिकायत की है। यूजर्स ने जानकारी दी है कि जब भी वे लॉगिन करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें एरर मैसेज मिल रहा है।
8,700 से अधिक उपयोगकर्ताओं ने साइट पर लॉगिन संबंधी समस्याओं की सूचना दी है। डाउनडेटेक्टर का हवाला देते हुए कई मीडिया रिपोट्स में दावा किया गया है कि ट्विटर में समस्या सुबह 7:13 पर शुरू हुई है। एलन मस्क द्वारा 44 बिलियन अमरीकी डालर के सौदे में ट्विटर का अधिग्रहण करने के दो महीने महीने के भीतर यह ट्विटर का दूसरा बड़ा ऑउटेज है।
नहीं दिख रहा मस्क के बदलावों का असर
दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों में से एक और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क द्वारा की गई छंटनी के बाद ट्विटर में लगातार समस्याएं आ रही हैं। मस्क ने प्लेटफॉर्म के कर्मियों को काफी कम कर दिया है। उन्होंने ट्विटर के लिए मेम्बरशिप सेवा भी शुरू की है। उन्होंने इसकी मॉडरेशन प्रक्रियाओं में कई बदलाव किए हैं। मस्क का दावा है कि वे ट्विटर की नीतियों में सुधार कर रहे हैं।