Ashram Flyover: अरविंद केजरीवाल ने किया आश्रम फ्लाईओवर का उद्घाटन, अभी सिर्फ हल्के वाहनों की ही एंट्री

Ashram Flyover Reopen: Arvind Kejriwal inaugurated the Ashram flyover, now only entry of light vehicles

Delhi News: दिल्ली का आश्रम फ्लाईओवर (Ashram Flyover Reopen) दो महीने से अधिक समय तक बंद रहने के बाद आज फिर से खुल गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा उद्घाटन किए जाने के बाद यह फ्लाईओवर अभी हल्के वाहन चालकों के लिए फिर से खोल दिया गया है।

1425 मीटर लंबे और 6 लेन वाले इस फ्लाईओवर के बनने से अब लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात और 3 रेड लाइटों से राहत मिलेगी। हालांकि, फ्लाईओवर के दोनों कैरिजवे पर अभी भी भारी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं है। इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जून 2020 में शुरू किया गया था।

आश्रम फ्लाईओवर (Ashram Flyover) शहर के सबसे व्यस्त वर्गों में से एक है क्योंकि यह मथुरा रोड और डीएनडी फ्लाईवे को जोड़ता है। छह लेन के फ्लाईओवर के खुलने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी, नोएडा और दिल्ली के बीच यात्रा का समय कम होगा।

यात्री आश्रम चौक और डीएनडी के बीच तीन ट्रैफिक लाइटों को बायपास कर सकेंगे, जिससे वाहनों की आवाजाही आसान हो जाएगी। मौजूदा समय में नोएडा और गाजियाबाद से दक्षिण दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को डीएनडी लूप से आश्रम चौराहे तक आने-जाने में जाम से जूझना पड़ता है।


पहले 28 फरवरी को होना था  उद्घाटन

अधिकारियों ने कहा कि फ्लाईओवर का उद्घाटन 28 फरवरी को होना था, लेकिन इसमें देरी हुई। पीडब्ल्यूडी ने फ्लाईओवर को मौजूदा फ्लाईओवर के साथ एकीकृत करने के लिए 2 जनवरी से लगभग 45 दिनों के लिए हैवी ट्रैफिक वाले इस फ्लाईओवर को बंद कर दिया था। मुख्य फ्लाईओवर के बंद होने के बाद, ट्रैफिक पुलिस, पीडब्ल्यूडी के साथ, रिंग रोड पर एक व्यापक यातायात प्रबंधन योजना बनाई। हालांकि, आस-पास के कई इलाकों में भारी भीड़ का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार से यात्रियों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी में दी ये सलाह

आश्रम फ्लाईओवर को फिर से खोलने के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को यात्रियों के लिए एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की थी। दिल्ली पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में बारापुला फ्लाईओवर का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को निम्नलिखित गंतव्यों के लिए आश्रम फ्लाईओवर का उपयोग करने की सलाह दी।

एडवाइजरी के अनुसार, डीएनडी से गुरुग्राम, चिराग दिल्ली, कालकाजी, खानपुर, ग्रेटर कैलाश, साकेत, एम्स, आईएनए और सफदरजंग की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को बारापुला फ्लाईओवर के बजाय आश्रम फ्लाईओवर का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

गुरुग्राम, चिराग दिल्ली, कालकाजी, खानपुर, ग्रेटर कैलाश, साकेत, एम्स, आईएनए, सदरजंग और धौला कुआं की तरफ से आने वाले और सराय काले खां, गाजियाबाद, डीएनडी, नोएडा और ट्रांस-यमुना क्षेत्रों की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को बारापुला फ्लाईओवर के बजाय आश्रम फ्लाईओवर लेने की सलाह दी जाती है। 

एडवाइजरी में कहा गया है कि अगली सूचना तक आश्रम फ्लाईओवर के दोनों कैरिजवे पर बसों, ट्रकों आदि जैसे भारी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं है। सराय काले खां से आने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे फिर से खुले आश्रम फ्लाईओवर का उपयोग न करें। वे अपनी यात्रा पूर्ववत ही जारी रखें।  


 

Share this story