गाजियाबाद में तिरंगे का अपमान करने वाला युवक गिरफ्तार:सिलेंडर को ध्वज में लपेटकर ले जा रहा था, केस दर्ज

Ghaziabad News: गाजियाबाद में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। वह गैस सिलेंडर को तिरंगे में लपेटकर बाइक पर ले जा रहा था।
वीडियो सामने आने पर हुई गिरफ्तारी
ये वीडियो लोनी क्षेत्र का है। बाइक पर दो शख्स एक सिलेंडर लेकर जा रहे थे। उन्होंने ये सिलेंडर तिरंगे में लपेटा हुआ था। पीछे से आ रहे कार सवार व्यक्ति ने मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया। इतना ही नहीं इस व्यक्ति ने कार रोककर बाइक सवारों को रूकवाया और उसकी इस हरकत पर आपत्ति जताई। इसके बाद ये वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गई।
तिरंगे के अपमान में पकड़ा गया आरोपी।
बाइक नंबर से आरोपी की हुई पहचान
लोनी थाना पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली। शनिवार को पुलिस ने विनोद नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। वो मूल रूप से कानपुर देहात में गांव लम्हेरा का रहने वाला है और गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा–2 में मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि आरोपी का कहना है कि वो मजदूर है, उसके तिरंगे के नियम के बारे में ज्यादा पता नही था, इसलिए ये सब नासमझी में हुआ है।