गाजियाबाद में वोल्टास कंपनी के टेक्नीशियन को लूटकर गोली मारी:टॉयलेट करने को रोकी थी बाइक, तभी आ धमके बदमाशों ने की लूटपाट

गाजियाबाद में गुरुवार रात घर लौट रहे वोल्टाज कंपनी के टेक्नीशियन से बदमाशों ने लूटपाट की। वारदात का विरोध करने पर बदमाशों ने टेक्नीशियन को गोली मार दी और फरार हो गए। गोली कंधे में लगी है। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां हालत ठीक बताई गई है। बदमाशों की तलाश में पुलिस की दो टीमें गठित कर दी गई हैं।
ये वारदात मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में दुहाई गांव को जाने वाले कच्चे रास्ते पर हुई। मोहित चौधरी वोल्टास कंपनी में टेक्नीशियन हैं। मोहित गुरुवार रात पत्नी के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। रास्ते में वो टॉयलेट करने के लिए रुके। इतने में बाइक सवार बदमाश आ धमके। उन्होंने मोहित से बैग लूट लिया। इस बैग में दो हजार रुपए और जरूरी सामान रखा हुआ था। मोहित ने विरोध किया तो बदमाशों ने अवैध हथियार से फायरिंग कर दी। एक गोली मोहित के कंधे में जा लगी। इसके बाद बदमाश फिर से गोली मारने की धमकी देकर भाग निकले।
पीड़ित ने यूपी-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर आई। ACP कविनगर ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। डॉक्टरों ने हालत अब ठीक बताई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।