दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर बियर पीते हुए बुलेट चलाई:'मन्ने सुनी तू ऑन रोड पर पैग मारता चाले है' सॉन्ग पर स्टंटबाजी का VIDEO

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर स्टंटबाजी का फिर एक वीडियो सामने आया है। बुलेट मोटरसाइिकल पर बैठा एक शख्स बियर पी रहा है। एक हाथ से वो बियर कैन और दूसरे हाथ से हैंडल पकड़कर बुलेट चला रहा है। उसने हेलमेट भी नहीं लगाया हुआ है। बैकग्राउंड में गाना चल रहा है 'शहर तेरे में घूमे गाड़ी सिस्टम सारा हाले है, मन्ने सुनी तू ऑन रोड पर पैग मारता चाले है।'
दुपहिया वाहन प्रतिबंधित हैं एक्सप्रेस-वे पर
ये वीडियो एक्सप्रेस-वे पर मसूरी क्षेत्र का बताया गया है। आपको बता दें कि एक्सप्रेस-वे पर दुपहिया वाहन संचालन प्रतिबंधित है। ऐसे में इस शख्स ने 3 कानूनों का उल्लंघन किया है। पहला नो एंट्री में वाहन, दूसरा हेलमेट नहीं लगाना और तीसरा बियर पीते हुए वाहन चलाना।
गाजियाबाद पुलिस ने 31 हजार रुपए का चालान काटकर घर भेज दिया है।
वीडियो वायरल होते ही गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आ गई। बुलेट मोटरसाइकिल का 31 हजार रुपए का चालान काटा है। ये गाड़ी गाजियाबाद में असालतपुर जाटव बस्ती निवासी अभिषेक के नाम पर है। पुलिस ने ऑनलाइन चालान काटकर घर भेज दिया है। गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने ट्वीट करके कहा है कि इस मामले में अभी आगे की विधिक कार्रवाई थाना मसूरी पुलिस के द्वारा की जा रही है। माना जा रहा है कि बाइक सवार शख्स की जल्द गिरफ्तारी भी हो सकती है।
दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर बाइक पर बियर पीते हुए वीडियो वायरल वीडियो गाजियाबाद पुलिस की पोल खोल रहा है जिस एक्सप्रेसवे पर बाइक चलाने की इजाजत नहीं उस पर वीडियो बियर पीते वीडियो वायरल pic.twitter.com/zdj1bbCYCX
— Tushar Srivastava (@TusharSrilive) January 20, 2023
एलिवेटेड रोड को पार्टी हॉल बताने पर हुए थे गिरफ्तार
एक हफ्ते पहले गाजियाबाद के एलिवेटेड रोड का एक वीडियो सामने आया था। इसमें एलिवेटेड रोड पर बलेनो कार खड़ी है और इसके आगे दो लड़के खड़े हैं। एक लड़का कहता है- भाई तुम यहां पर आने के लिए एक हफ्ते से कह रहे थे, यहां ऐसा है क्या? दूसरा लड़का बोला- भाई ये गाजियाबाद का पार्टी हॉल है। अगर किसी का बर्थडे हो तो केक यहां कटता है, किसी की शादी हो तो काफिला यहां से जाता है। इस पर पहला लड़का पूछता है- नाम क्या है इस जगह का? दूसरा लड़का जवाब देता है- एलिवेटेड। पुलिस ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए दोनों लड़कों को गिरफ्तार कर कार सीज कर दी थी।
एलिवेटेड रोड की पार्टियों पर पुलिस एक्शन
- 17 सितंबर को एलिवेटेड रोड पर बर्थडे पार्टी। एक-दूसरे पर केक फेंका, गमले तोड़े। 2 लड़के पकड़े गए।
- 20 सितंबर की रात एलिवेटेड रोड पर बर्थडे पार्टी का जश्न मनाने वाले पांच लड़के गिरफ्तार हुए।
- 21 सितंबर की रात एलिवेटेड रोड पर हुड़दंग की तैयारी कर रहे 13 लड़कों को पुलिस ने अभियान चलाकर पकड़ा।
- 25 सितंबर की रात में कार खड़ी करके केक काटकर हुड़दंग मचाने पर 4 युवक गिरफ्तार हुए।
- 27 सितंबर की रात बर्थडे पार्टी के नाम पर हुड़दंग मचा रहे 21 लड़कों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
- 10 दिसंबर को तीन युवक-युवतियों ने कार रोककर केक काटा और डांस किया। पुलिस ने तीनों अरेस्ट किए।
- 28 दिसंबर को कार के बोनट पर बैठकर हुक्का पीने वाला नदीम नामक शख्स गिरफ्तार हुआ।