कपूरथला में NRI की ब्लैकमेलर पत्नी-सास गिरफ्तार:सोशल मीडिया पर दोस्ती कर बनाई अश्लील वीडियो; युवक से हड़पे 31:50 लाख रुपए

पंजाब के कपूरथला शहर में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की पुलिस ने दबिश देकर 31.5 लाख रुपए की ठगी करने वाली महिला और उसकी मां को गिरफ्तार किया है। ठगी करने वाली महिला का पति NRI है और विदेश में रहता है। महिला ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर एक युवक को झांसे में लेकर उसकी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। गाजियाबाद के कवि नगर थाना में दोनों के खिलाफ केस दर्ज है। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर ले जाया गया है।
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती
जानकारी अनुसार कपूरथला की महिला मनप्रीत कौर पत्नी वकील सिंह निवासी संतपुरा ने सोशल मीडिया पर गाजियाबाद के एक युवक अर्पित कुमार से दोस्ती की। दोस्ती के दौरान उसने वीडियो काल करनी शुरू कर दी। पहले महिला ने युवक से 5000 रुपए उधार लिए। उसके बाद दोनों की वार्ता सोशल मीडिया पर होती रही। इसी दौरान महिला ने चालाकी से उक्त युवक की नग्न वीडियो और फोटो कैप्चर कर ली। फिर उसे ब्लैकमेल करने लगी।
जानकारी देते कवि थाना के आईओ महेंद्र प्रताप सिंह।
ब्लैकमेल कर मांगे थे और रुपए
कवि नगर थाना के जांच अधिकारी महेंद्रप्रताप ने बताया कि इस ब्लैकमेल के धंधे में उसकी मां गुरमीत कौर भी शामिल थी। जांच अधिकारी ने यह भी बताया कि उक्त मां बेटी ने धीरे-धीरे शिकायतकर्ता अर्पित से 31.5 लाख रुपए की ठगी की। उसे नग्न फोटो और वीडियो दिखाकर और भी पैसे की डिमांड कर रही थी।
मोबाइल नंबर से घर तक पहुंची पुलिस
पीड़ित अर्पित के बयान पर थाना कवि नगर में FIR नंबर 1633 दर्ज कर ली गई। इसके बाद UP पुलिस महिला की तलाश में लगी थी। आरोपी महिला के मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए UP पुलिस कपूरथला पहुंची। एक तालों की चाबी बनाने वाले युवक के माध्यम से ट्रैप लगाकर महिला के घर पर पहुंच गए। दोनों आरोपी मां बेटी को हिरासत में ले ट्रांजिट रिमांड लिया गया। और दोनों को गाजियाबाद ले गए।