गाजियाबाद के होटल में बॉयफ्रेंड ने दी जान:गर्लफ्रेंड जाने की जिद कर रही थी, बाथरूम से निकली तो उसी के दुपट्टे से लटका मिला

गाजियाबाद के OYO होटल में फिर एक और कांड हुआ है। इस बार भी गर्लफ्रेंड जाने की जिद कर रही थी और बॉयफ्रेंड उसे रोकने पर अड़ा था। इसी पर विवाद हुआ और बॉयफ्रेंड ने होटल के कमरे में फांसी लगा कर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। गर्लफ्रेंड से पूछताछ जारी है।
दिल्ली के मंडौली का था कैलाश
दिल्ली में मंडौली के सुशीला गार्डन निवासी 29 वर्षीय प्लंबर कैलाश मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे गाजियाबाद में साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित हिंडन रेजिडेंसी होटल (OYO) में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ पहुंचा। ये होटली गांव करहैड़ा में स्थित है। दोपहर करीब 3 बजे गर्लफ्रेंड ने यूपी-112 को कॉल करके बताया कि कैलाश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस सूचना पर पुलिस होटल में पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
गर्लफ्रेंड गई थी बाथरूम, इतने में लगाई फांसी
पुलिस ने मृतक की गर्लफ्रेंड से पूछताछ की। महिला ने बताया वो शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। कैलाश ने होटल में मिलने के लिए बुलाया था। वो करीब दो घंटा तक यहां मौजूद रही। दोपहर 2 बजे घर जाने के लिए कहा। कैलाश ने गर्लफ्रेंड से कहा कि वो अभी ना जाए और यहीं पर रुक जाए। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। महिला ने बताया कि इस दौरान वो बाथरूम में चली गई। करीब 10 मिनट बाद बाहर आई तो कैलाश की लाश उसकी चुन्नी के सहारे पंखे पर लटकी थी।
ACP बोलीं- कार्रवाई कर रहे
ACP पूनम मिश्रा ने बताया, 'दोपहर करीब तीन बजे साहिबाबाद पुलिस को एक सूचना प्राप्त हुई। हिंडन OYO होटल पर कैलाश नामक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर गई। शव को कब्जे में लिया। परिजनों की तहरीर पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।'
दो दिन पहले OYO होटल में हुई थी हत्या
गाजियाबाद के कस्बा मुरादनगर में भी रविवार रात बॉयफ्रेंड गौतम सिंह ने शादीशुदा प्रेमिका रचना की गला दबाकर हत्या कर दी थी। दोनों पिछले तीन दिन से साथ थे। उस रात रचना अपने घर जाने के लिए बोल रही थी, जबकि गौतम नहीं चाहता था कि वो घर जाए। इस बात पर विवाद हुआ और गौतम ने हत्या कर दी। आरोपी अरेस्ट है और जेल जा चुका है।
BJP विधायक ने होटलों पर उठाए थे सवाल
पिछले दिनों लोनी क्षेत्र से BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भी OYO होटलों के संचालन पर सवाल उठाए थे। विधायक ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर कहा था कि इन होटलों का संचालन अवैध तरीके से हो रहा है। यहां पर अनैतिक काम हो रहे हैं। इसके बाद प्रशासन ने ऐसे कुछ होटलों को सील करने की कार्रवाई की थी।