Kanpur News: कानपुर के चकेरी थाने के अंदर पथराव, पुलिस कर्मियों ने भागकर बचाई जान; थाने के अंदर दो पक्षों में हुई मारपीट और चले लाठी-डंडे

Kanpur Crime News: कानपुर में थाने के अंदर पथराव और तमंचा लहराने का वीडियो सामने आया है। जो शुक्रवार देर रात का है। वीडियो में दिख रहा है कि लोग पथराव कर रहे हैं। पुलिस कर्मी इस दौरान झुक कर भागते दिख रहे हैं। दो पक्षों में मारपीट हो रही है। आरोपी हवा में तमंचा रहे हैं।
लाठी-डंडे चल रहे हैं। कई लोग पत्थर फेंकते दिख रहे हैं। पूरी घटना का वहां मौजूद किसी शख्स ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। मामले का संज्ञान पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने लिया। पूरे केस की जांच कर कार्रवाई करने का आदेश जारी कर दिया।
एक घंटे तक थाने में चला हंगामा
चकेरी श्याम नगर निवासी सुमित सिंह और बिट्टा सिंह स्कूटी से शुक्रवार रात को घर लौट रहे थे। श्याम नगर में अपने साथियों के साथ जा रहे अंशुमान उर्फ हर्ष गुप्ता की बाइक से टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
इससे आक्रोशित शुभम ठाकुर, बिट्टा ठाकुर, आकाश यादव, राज ठाकुर, सोनू ठाकुर हैप्पी, शिवम समेत अन्य लोगों को घेरकर पीटा। मारपीट के बाद दोनों पक्ष देर रात करीब 1 बजे थाने में तहरीर देने पहुंचे। तहरीर लिखने के दौरान भी थाने के अंदर ही पुलिस के सामने दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
दोनों तरफ से एक-दूसरे पर पथराव और लाठी-डंडे चले। करीब एक घंटा तक मारपीट, पथराव और दबंगों के तमंचा लहराने से लेकर गुंडागर्दी चलती रही। पुलिस कर्मियों ने भागकर खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद थाना प्रभारी फोर्स के साथ पहुंचे। तब हंगामा और बवाल शांत हुआ। ACP चकेरी अमरनाथ ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
#कानपुर दबंगो के हौसले बुलंद चकेरी थाने के अंदर पथराव @kanpurnagarpol @adgzonekanpur @igrangekanpur @Uppolice pic.twitter.com/m9w3CsEaLO
— Rahul Bhadauriya (@RahulBh9682) February 25, 2023
पहले मामले को दबा रही थी पुलिस
चकेरी थाना परिसर में इतना बवाल होने के बाद भी मौके पर कोई अफसर नहीं पहुंचा। थानेदार अंजन कुमार सिंह ने भी आरोपियों पर कार्रवाई करने की बजाए मामले को दबा दिया। शनिवार दोपहर को वीडियो सामने आने के बाद शहर में मामला हाई लाइट हो गया।