Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा पुलिस ने जाली नोट छापने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार, कब्जे से 38220 रुपए के जाली नोट और एक प्रिंटर बरामद

Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा की बादलपुर थाना पुलिस ने जाली नोट छापने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर कलर प्रिंटर से जाली नोट छापता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 38220 रुपए के जाली नोट और एक प्रिंटर बरामद किया है।
बादलपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक कुछ जाली नोट लेकर के आया है। बाजार में चलाने की काेशिश कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने थाना क्षेत्र के साई होटल के पास छपरौला से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद पूछताछ करनी शुरू की तो उसके कब्जे से कुछ जाली नोट बरामद हुए।
एक ही सीरीज की छापते थे नोट
आरोपी का नाम अब्दुल रकीब है और वह मूल रूप से बिहार के मुज्जफरपुर का रहने वाला है। फिलहाल वह गाजीपुर दिल्ली में रह रहा था। यहां वह पंचर की दुकान चलाता था। उसने बताया कि मैं और एक मेरा दोस्त मिलकर हम दोनों कलर प्रिंटर से जाली नोट छापने का काम करते हैं। करीब 2 महीने पहले ही हम लोगों ने इस काम की शुरुआत की थी और प्रिंटर से एक ही सीरीज के काफी नोट छापे थे।
20, 50, 100 और 200 के नकली नोट बरामद
पुलिस की गिरफ्त में आए युवक ने पूछताछ में बताया कि दोनों दोस्त मिलकर 20, 50, 100 और 200 रुपए के नोट छापते थे। उनका कहना है कि छोटे नोट चलाना आसान होता है। बड़े नोट ले जाने पर दुकानदार या व्यापारी उसे ज्यादा देखते हैं। बताया कि इसीलिए बड़े नोट नहीं छापते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 38 हजार 220 रुपए के जाली नोट और एक प्रिंटर भी बरामद कर लिया है। सभी नोट एक ही सीरीज के थे।
गड्डी व फुटकर में चलाते थे नोट
आरोपी अब्दुल के द्वारा कलर प्रिंटर से यह नोट तैयार किए जाते थे। जोकि ज्यादातर एक ही सीरीज के होते थे। इन्हें नोटों की गड्डी में या फुटकर में चलाया करता था। करीब 2 महीने से नोट छापने के बाद इसका दोस्त और यह इन नोटों को इधर उधर मार्किट में चला रहे थे।