Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा पुलिस ने गांजे के साथ नाइजीरियन तस्कर किया गिरफ्तार, विदेशी नागरिकों को करता था सप्लाई

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने  गांजे के साथ नाइजीरियन तस्कर किया गिरफ्तार, विदेशी नागरिकों को करता था सप्लाई

Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा की बीटा 2 थाना पुलिस ने गांजे के साथ एक नाइजीरियन को गिरफ्तार किया है। यह विदेशी नागरिक दिल्ली से गांजे की तस्करी करने के लिए ग्रेटर नोएडा आया था, लेकिन पुलिस ने चेकिंग के दौरान उसको गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके कब्जे से अवैध गांजा बरामद करके उसे जेल भेज दिया।

बीटा 2 थाना पुलिस सिग्मा गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान पुलिस को एक नाइजीरियन मूल का विदेशी नागरिक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसके बाद पुलिस उसको पकड़ कर थाने ले गई और उससे पूछताछ की।

ऑनलाइन गांजा मंगाया था
उसने पूछताछ में बताया कि उसका नाम जीन है और वह मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है और वह पापा जी हाउस फेस नई दिल्ली में रह रहा है। उसने पूछताछ में बताया कि यहां पर वह गांजे की तस्करी करने के लिए आया था। ग्रेटर नोएडा में काफी संख्या में नाइजीरियन मूल के लोग रहते हैं। उन्होंने ही ऑनलाइन गांजा मंगाया था। जिसकी सप्लाई करने के लिए वह यहां पर आया था। पुलिस ने उसके कब्जे से डेढ़ किलो गांजा, दो मोबाइल फोन और एक पासपोर्ट बरामद किया है।

अफ्रीकी नागरिकों को बेचता था
बीटा 2 थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। जो दिल्ली से कम दामों में गांजा खरीदकर ग्रेटर नोएडा में रहने वाले अफ्रीकी नागरिकों को ऊँचे दामों में गांजा बेचता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद इसके वीजा की भी जांच कराई। जांच के दौरान पाया गया कि उसके वीजा की अवधि भी पूर्व में ही समाप्त हो चुकी है। पुलिस कानूनी कार्रवाई करने में जुटी है।

Share this story