Greater Noida Crime NEWS: ग्रेटर नोएडा के कासना में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा के कासना में 8 साल की नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी पीड़िता के पिता का दोस्त बताया जा रहा है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार किया है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर का रहने वाला एक परिवार ग्रेटर नोएडा में रहता है। परिवार में पति-पत्नी के अलावा एक 8 साल की बेटी और 5 साल का बेटा है। पति और पत्नी दोनों कासना औद्योगिक क्षेत्र में नौकरी करते हैं। यहीं पर उनके साथ हाथरस का रहने वाला दीपक भी नौकरी करता है। दीपक की इस परिवार से इतनी घनिष्ठता थी कि वह इस परिवार के साथ ही रहता और खाता-पीता था।
माता-पिता के ड्यूटी जाने पर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को पति और पत्नी कम्पनी में गए हुए थे। दीपक घर पर ही था। नाबालिग की मां जब शाम को घर पहुंची तो उसका बेटा दीपक के मोबाइल से घर के बाहर खेलता हुआ मिला। महिला ने बेटे से बेटी के बारे में पूछा। बच्चे ने मां को बताया कि बहन अंकल के साथ कमरे में हैं। महिला कमरे पर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। महिला ने दरवाजे को धक्का मारा, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। शोर मचाने पर आरोपी ने दरवाजा खोला। महिला ने देखा कि बच्ची घबराई हुई है। बाद में नाबालिग ने मां को सारी घटना के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने आरोपी दीपक को राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के पास से गिरफ्तार कर लिया।
लंबे समय से पीड़ित परिवार के साथ रहता था आरोपी
जानकारी के अनुसार आरोपी दीपक शादी शुदा है। उसका एक पांच साल का बेटा भी है। उसका परिवार हाथरस में गांव में ही रहता है। वह कई सालों से इसी परिवार के साथ रहता है। इससे पूर्व पीड़ित परिवार सूरजपुर क्षेत्र के एक गांव में किराए पर रहता था। उस समय भी आरोपी पीड़ित परिवार के साथ ही रहता था।