Yamuna Expressway Speed Limit: 15 दिसंबर से तेज नहीं दौड़ पाएंगे वाहन, जानिए नई स्पीड लिमिट

यमुना एक्सप्रेस-वे (Yamuna Expressway) पर 15 दिसंबर से वाहनों की रफ्तार कम होगी। हल्के वाहन सौ किमी प्रति घंटा के बजाए 80 किमी प्रति घंटा की अधिकतम रफ्तार से चलेंगे। भारी वाहनों के लिए अधिकतम रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा होगी।
सर्दियों में कोहरे के कारण होने वाले हादसे की रोकथाम के लिए प्राधिकरण ने दो माह तक अधिकतम गति सीमा कम करने का फैसला किया है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा सौ किमी प्रति घंटा निर्धारित है।
एक्सप्रेस-वे पर निर्धारित है गति
भारी वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 80 किमी प्रति घंटा है, लेकिन गति सीमा का उल्लंघन करते हुए दौड़ते हैं और तेज गति के कारण हादसे का शिकार होते हैं। सर्दियों में एक्सप्रेस-वे पर वाहन दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से वाहनों के भिड़ने की आशंका अधिक रहती है।
दो महीने तक रहेगा ये नियम लागू
इसलिए प्राधिकरण हर वर्ष सर्दियों में एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा को कम कर देता है। सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने बताया कि 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा अस्सी किसी प्रति घंटा रहेगी। वहीं भारी वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा साठ किमी प्रति घंटा रहेगी। इससे अधिक गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उनके चालान काटे जाएंगे।