ग्रेटर नोएडा में बड़ा सड़क हादसा : कार और कंटेनर में टक्कर, 4 लोग घायल, फोर्टिस अस्पताल में कराया गया भर्ती

Greater Noida Accident: ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 थाना क्षेत्र के 130 मीटर रोड पर डाढ़ा गोल चक्कर के पास कार व कंटेनर की टक्कर हो गई। जिसमें कार सवार 4 लोग घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे के बाद कंटेनर और कार को रोड से हटवाकर यातायात चालू करा दिया है।
शनिवार की सुबह बीटा -2 थाना क्षेत्र के अंतर्गत डाढ़ा गोल चक्कर के पास 130 मीटर रोड पर आई-10 कार व कंटेनर की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें कार सवार प्रिंस, आदित्य, शगुन और साक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को ग्रेटर नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर उनका इलाज चल रहा है।
18 से 20 साल के बीच है घायलों की उम्र
ग्रेटर नोएडा से नोएडा जा रहे धनपुरा निवासी प्रिंस व आदित्य और उनके साथ मायचा गांव निवासी सगुन व साक्षी की 10 कार का तेज रफ्तार कंटेनर से एक्सीडेंट हो गया। एक्सीडेंट के बाद कार कंटेनर के नीचे फंस गई और वहां पर अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला। कार सवार चारों लोग घायल हो गए। सभी घायलों की उम्र 18 से 20 साल के बीच हैं।
घायलों को फोर्टिस अस्पताल में कराया गय भर्ती
थाना बीटा 2 पुलिस ने बताया कि शनिवार की सुबह 130 मीटर रोड पर डाढ़ा गोल चक्कर के पास कंटेनर में कार का एक्सीडेंट हो गया। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और पुलिस ने सभी कार सवार घायलों को नजदीकी फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है।