Ghaziabad News: गाजियाबाद में महिला से हैवानियत की सारी हदें पार, ससुराल वालों ने पीटा, शरीर नोंचा, 3 महीने पहले हुई थी शादी

Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद में एक महिला से हैवानियत की सारी हदें पार की गईं। ससुराल में उसको बुरी तरह पीटा गया। दांतों से पूरे शरीर पर जगह-जगह चिन्ह बन गया। आंखें पूरी तरह सूजी गई। नाखून और ब्लेडनुमा किसी वस्तु से पूरे शरीर को नोंचा गया। पीड़िता का आरोप है कि पति अपने भाई के साथ संबंध बनाने का दबाव बना रहा था।
पीड़िता जैसे-तैसे अपनी ससुराल से छत के रास्ते भागी और सरकारी स्कूल की छत पर जा पहुंची। जिसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस की मौजूदगी में पीड़िता को छत से नीचे उतारा गया। वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो गुरुवार को सामने आया है।
3 महीने पहले हुई रजिस्टर्ड शादी
मूल रूप से दिल्ली में रहने वाला एक परिवार मजदूरी करता है। इस परिवार की 18 वर्षीय इकरा की शादी 3 महीने पहले गाजियाबाद में नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कैला भट्टा निवासी यूसुफ (23) से हुई। दोनों ने इस्लाम धर्म के अनुसार निकाह नहीं किया, बल्कि गाजियाबाद में रजिस्ट्रार ऑफिस में अपनी शादी रजिस्टर्ड कराई और फिर साथ रहने लगे।
छत के रास्ते भागकर स्कूल पर पहुंची
इकरा का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। पति ने अपने भाई यानि महिला के जेठ संग रहने का दबाव बनाया। इसे न मानने पर इकरा की पिटाई की गई। दो दिन पहले इकरा जैसे-तैसे ससुराल से छत के रास्ते भाग गई। वह कई घरों की छत कूदते हुए आखिरकार कैला भट्ठा इलाके के एक सरकारी स्कूल की छत पर पहुंची।
गाजियाबाद
— Shakti Singh/शक्ति सिंह (@singhshakti1982) March 15, 2023
कैला भट्ठा में महिला के साथ हुई दरिंदगी,
ससुराल वालो ने महिला को बंधक बनाकर रखा,महिला चुंगल से छूटी, छत के रास्ते प्राइमरी स्कूल की छत पर पहुंची,स्कूल टीचर्स ने उतारा छत से नीचे,महिला की हालत गंभीर,पुलिस ने पति और सास को भेजा जेल।@Uppolice @dgpup @myogiadityanath pic.twitter.com/fOUA7NNspL
पति-सास को जेल भेजा
घायल महिला को स्कूल की छत पर देख भीड़ जुट गई। फोन करके पुलिस बुला ली गई। बमुश्किल महिला को नीचे उतारा गया। इसके बाद इकरा ने अपनी दर्द भरी कहानी सबको सुनाई।
इकरा की तहरीर पर पुलिस ने पति यूसुफ, जेठ यामीन, देवर साजिद और सास रानी के खिलाफ मारपीट व दहेज एक्ट का केस दर्ज कर लिया है। ACP अंशु जैन ने बताया कि पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। महिला का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।