गाजियाबाद से लापता व्यापारी को नोएडा में गोली मारकर फेंका, पुलिस जांच में जुटी

Greater Noida News: गाजियाबाद से चार दिन पहले लापता हुआ व्यापारी शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) में गोली लगा हुआ मिला। पुलिस ने उसे गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया है। सपा नेता पर व्यापारी को किडनैप करने, तीन दिन तक बंधक बनाकर यातनाएं देने और फिर गोली मारने का आरोप है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
शादी समारोह से लापता हुए थे व्यापारी मनोज
मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में संजयनगर सेक्टर-23 निवासी मनोज तोमर पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त करते हैं। 12 मार्च को मनोज तोमर अपनी पत्नी के एक परिचित की शादी में गए थे। आरोप है कि वहां उनका सपा नेता संजीव चौधरी से किसी बात पर विवाद हुआ। वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्ष शांत करा दिए। इसके बाद मनोज तोमर परिवार सहित घर पर आ गए। बताया जा रहा है कि पूरे परिवार को घर पर छोड़ने के बाद मनोज फिर से शादी समारोह में चले गए। आरोप है कि संजीव चौधरी और उनके साथियों ने मनोज से वहां पर मारपीट की। इस घटना के बाद मनोज घर नहीं पहुंचे।
13 को दर्ज हुई मिसिंग रिपोर्ट
मनोज की आखिरी बार अपने साले लोकेश से 12 मार्च की रात 11 बजे बातचीत हुई थी। मनोज ने कहा था कि वे कुछ देर में घर पहुंच रहे हैं। जब पूरी रात मनोज घर नहीं आए और मोबाइल स्विच ऑफ हुआ तो 13 मार्च को परिजन थाना मधुबन बापूधाम में पहुंचे और उनकी मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई।
ग्रेनो के जारचा क्षेत्र में मिला व्यापारी
लोकेश ने बताया कि 17 मार्च की सुबह जीजा मनोज ने उन्हें फोन किया और अपनी लोकेशन बताई। इस लोकेशन को सर्च करते हुए लोकेश ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में पहुंचे। वहां उन्हें मनोज मिले। मनोज के पेट के पास गोली लगी हुई थी। मनोज ने बताया कि संजीव चौधरी और उसके साथियों ने गोली मारी है। सूचना पर नोएडा पुलिस भी आ गई। घायल को संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल लाया गया। यहां से उन्हें सर्वोदय हॉस्पिटल ले जाया गया है।
ACP बोले- मामले की विस्तृत जांच जारी
प्राथमिक पूछताछ में मनोज ने बताया है कि शादी समारोह में विवाद के बाद संजीव चौधरी और उसके साथियों ने किडनैप कर लिया। वे अज्ञात स्थान पर ले गए। तीन दिन तक यातनाएं दी। फिर ग्रेटर नोएडा के जारचा क्षेत्र में ले आए और गोली मारकर भाग गए। इधर, ACP अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि 12 मार्च को हुए विवाद से अब तक मनोज कहां-कहां रहे, इसकी जानकारी मोबाइल के जरिये जुटाई जा रही है। मामले में केस दर्ज कर विस्तृत जांच चल रही है।